
झुलनीपुर/महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बहुआर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 बोतल अवैध नेपाली देशी शराब बरामद की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर शराब से भरी बोरियां मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र में आने वाली सीमा चौकी पथलहवा क्षेत्र में संयुक्त टीम को शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में विशेष नाका लगाया गया। इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोग नेपाल की ओर से भारत की तरफ शराब लेकर आते दिखाई दिए।
संयुक्त टीम को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे शराब से भरी बोरियां मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए नेपाल की ओर भाग निकले। टीम ने मौके पर छोड़ी गई तीन बोरियों की तलाशी ली, जिसमें 15 पेटियां अवैध नेपाली शराब बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 30 बोतल थीं।
बरामद कुल 450 बोतलों में 135 लीटर शराब बताई गई है। बरामद शराब को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी बहुआर, थाना निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया।
बीओपी पथलहवा प्रभारी अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं सतर्कता बरती जा रही है।