
परासी/नवलपरासी। नेपाल के नवलपरासी जिले में पुलिस ने भारत से सीमा शुल्क (भंसार) की चोरी कर नेपाल लाई जा रही बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पाल्हीनन्दन गाउँपालिका-1 स्थित महेशपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान भारतीय नंबर UP32 UT 5689 की कार से 274 पीस ओल्ड मंक रम बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कार सवार दो लोगों को भी नियंत्रण में लिया गया।
जिला प्रहरी कार्यालय परासी, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पश्चिम) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, चेकिंग टीम को सूचना मिली थी कि भारत से भंसार छली कर अवैध रूप से शराब नेपाल लाई जा रही है। इसी क्रम में महेशपुर क्षेत्र में जांच के दौरान UP32 UT 5689 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 274 पीस ओल्ड मंक रम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 44 हजार नेपाली रुपये बताई गई है। इसके अलावा बरामद भारतीय कार की अनुमानित कीमत 35 लाख नेपाली रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार शराब और कार समेत बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य 40 लाख 44 हजार नेपाली रुपये है। पुलिस टीम ने बरामद शराब, कार और दोनों व्यक्तियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं भंसार कार्यालय में कार्रवाई के लिए इलाका प्रहरी कार्यालय महेशपुर में रखा है।