
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के जख्मी चौराहे के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार टेलर और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल घुघली पुलिस को हादसे की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मठिया गांव निवासी मोहन लाल महेशिया (42), पुत्र खेदून को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक मोहन लाल सब्जी की दुकान चलाते थे।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरेश (45), पुत्र त्रिवेणी, निवासी बसंतपुर, थाना घुघली का अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बताया गया कि सुरेश ऑटो चालक थे।
हादसे में महबूब अंसारी, पुत्र मुशाहिब अंसारी, निवासी मठिया भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें केएमसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उनका वहां उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद टेलर चालक के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।