महराजगंज ब्यूरो कार्यालय –
-झाड़ियों में छिपाकर रखे गए थे तस्करी के सामान, भारतीय पगडंडियों के रास्ते नेपाल लाये गए थे मोबाइल के एसेसरीज
-भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के निगरानी पर उठ रहे सवाल, कुछ दिन पूर्व बरामद हुआ था 1 करोड़ का माल, तस्करी के साथ मिलीभगत का भी लग रहा आरोप
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारतीय क्षेत्र से अवैध रूप से नेपाल लाकर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए करीब 80.30 लाख नेपाली रुपये मूल्य के मोबाइल पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान में मोबाइल बैटरी, टेम्पर्ड ग्लास, ईयरबड, स्मार्ट वॉच और स्पीकर समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक सामग्री शामिल था।
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 26वीं टीम मुख्यालय पश्चिम नवलपरासी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:55 बजे बर्दघाट नगरपालिका-4 स्थित एस मोड़ के जंगल में बड़ी मात्रा में सामान छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सेमरी से सशस्त्र प्रहरी निरीक्षक जगन्नाथ पौडेल के नेतृत्व में 13 सदस्यीय मोबाइल गश्ती टीम को मौके पर भेजा गया। जंगल में पहुंचकर झाड़ियों में तलाशी अभियान चलाया गया इस दौरान झाड़ी मे छिपाकर रखे गए मोबाइल पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। सशस्त्र प्रहरी बल के मुताबिक बरामद सामान का अनुमानित मूल्य 80 लाख 30 हजार 200 नेपाली रुपये है। कार्रवाई के बाद बरामद सामान को शनिवार सुबह करीब आठ बजे आवश्यक प्रक्रिया के तहत महेशपुर भंसार कार्यालय में दाखिल कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामान को भारतीय क्षेत्र से नेपाल लाए जाने के मामले की जांच कर रही हैं। सामान को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।