
नारायणी नदी में मगरमच्छ के हमले में युवक की मौत, 27 घंटे बाद मिला शव; नदी किनारे बसे गांवों में हाई अलर्ट
निचलौल (महराजगंज)। निचलौल क्षेत्र के गेंढहवा गांव के पास नारायणी नदी में सोमवार को मछली पकड़ने गए एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे नदी के गहरे पानी में खींच ले गया। हादसे के बाद पुलिस, वन विभाग, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। करीब 27 घंटे की तलाश के बाद मंगलवार दोपहर लगभग 2:50 बजे युवक का शव बरामद किया गया। घटना से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान छबिलाल साहनी (35) निवासी गेंढहवा, जिला महराजगंज के रूप में हुई है। बताया गया कि छबिलाल सोमवार को रोज की तरह मछली पकड़ने के लिए नारायणी नदी क्षेत्र में गया था। इसी दौरान मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उसे नदी के गहरे पानी में खींच ले गया।
एक हादसे ने परिवार से छीन लिया रोजी-रोटी का सहारा
छबिलाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार वह परिवार की आजीविका का प्रमुख सहारा था। उसकी मौत ने एक वृद्ध मां से उसका सहारा छीन लिया तो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता की निगरानी में पुलिस टीम ने अन्य विभागों के साथ मिलकर तलाश शुरू की। करीब 27 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
नदी किनारे बसे गांवों में हाई अलर्ट
घटना के बाद वन विभाग ने नारायणी नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी है। निचलौल रेंजर सुनील राय ने बताया कि हाईटाइड पीरियड के दौरान लोगों को नदी क्षेत्र में जाने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ताजा घटना के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी और उसके आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। ग्रामीणों को भी बच्चों और मवेशियों को नदी किनारे न जाने देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना संबंधित विभाग को देने की सलाह दी गई है।