
-डॉग स्क्वॉड और एसओजी की मदद से झाड़ियों व खेतों में चला सर्च अभियान, परिजनों से पूछताछ जारी; पीड़ित पिता ने पुलिस पर धमकाने और गाली देने का लगाया आरोप
महराजगंज ब्यूरो कार्यालय
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी ग्रामसभा के टोला रमजीता से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता दो माह के मासूम विक्की का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस डॉग स्क्वॉड और एसओजी की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है, लेकिन अब तक बच्चे का पता नहीं चलने से परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात दंपती अपने दो माह के बच्चे के साथ कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे मां ने मासूम को दूध पिलाया था। इसके बाद सभी सो गए। सुबह आंख खुलने पर बच्चा बिस्तर से गायब मिला। परिजनों के मुताबिक, कमरे का बल्ब कपड़े से ढका हुआ था और खिड़की खुली मिली। इन परिस्थितियों ने अपहरण की आशंका को गहरा दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बुधवार को भी पुलिस टीम ने झाड़ियों से लेकर खेतों तक सर्च अभियान चलाया। मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के साथ परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि, लगातार प्रयासों के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिला है।
इधर, पूछताछ के दौरान मासूम के पिता ने पुलिस पर धमकी देने और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप से मामले में नया मोड़ आ गया है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के मुताबिक, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को तलाश और जांच में लगाया गया है। पूरे क्षेत्र की निगाहें मासूम की सकुशल बरामदगी पर टिकी हैं।