लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे नेपाल के भुजहवा में 1 करोड़ का मोबाइल सामान बरामद, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों पर उठे सवाल

भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका पर सवाल

लक्ष्मीपुर खुर्द/ठूठीबारी

भारत नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे नेपाल में करीब 95 लाख रुपये के मोबाइल सामान को नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने सरावल गांवपालिका-7, भूजहवा क्षेत्र से बरामद किया। कार्रवाई के दौरान तस्कर पिकअप वाहन लॉक कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की कीमत समेत बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये आंकी है।

जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा के अनुसार बरामद सामान में 22 लाख 94 हजार रुपये मूल्य के 2,294 पीस मोबाइल एयरपॉड्स, 70 लाख 95 हजार रुपये के 44,300 टेम्पर्ड ग्लास, 93 हजार रुपये के 930 मोबाइल कवर तथा दो हजार रुपये मूल्य की प्लास्टिक शामिल है। सामान को लु 3 च 2939 नंबर की पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा था। आवश्यक कार्रवाई के लिए वाहन और सामान को महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया है।

15 करोड़ की सोना तस्करी के बाद नेपाल से 1 करोड़ की बरामदगी से ठूठीबारी पुलिस पर बड़ा सवालिया निशान –

ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से लगातार बरामदगी ने भारत-नेपाल सीमा पर लंबे समय से चल रही अवैध आवाजाही और तस्करी के नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर सवाल यह है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल से जुड़े सामान भारतीय क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौक से होकर सीमा पार पहुंच रहे थे, तो भारतीय सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा एवं पुलिस तंत्र को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? या इनकी मिलीभगत से तस्करी के धंधेबाज फल फूल रहे है? सूत्रों की माने तो पुलिसिया तंत्र को मेहरबानी से तस्करों की चांदी हो गई है और प्रतिदिन कई पिकअप तस्करी का माल नेपाल भेजा जा रहा है और नेपाल से चाइनीज लहसुन, कद्दू बीज सहित अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी जोरो पर है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment