अयोध्या में गूंजा ठूठीबारी का नाम, समाजसेवी आशुतोष रौनियार आजाद को मिला राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान

ठूठीबारी/अयोध्या। सामाजिक सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में लगातार सक्रिय योगदान के लिए इंडो-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कस्बा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं होप एंड हेल्प वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष रौनियार आजाद को राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अयोध्या में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव के समापन समारोह में प्रदान किया गया।

राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन, अयोध्या के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोसाईगंज विधानसभा विधायक अभय सिंह ने आशुतोष रौनियार आजाद को रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव में देश के 22 राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश के 70 से अधिक जनपदों से रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना रहा।

गौरतलब है कि आशुतोष रौनियार आजाद पिछले करीब नौ वर्षों से संस्था के सदस्यों के साथ शिक्षा, रक्तदान एवं विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से ठूठीबारी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सामाजिक प्रयासों की सराहना की।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment