
निचलौल/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के जमुई कला गांव की रहने वाली सोना तिवारी (पत्नी वशिष्ठ तिवारी) शनिवार को जमुई कला मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया।
सीएचसी निचलौल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और स्वास्थ्यकर्मी महिला को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायल महिला को सीएचसी निचलौल भेजा गया था, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। रास्ते में महिला की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उपनिरीक्षक को मौके पर भेजा। उपनिरीक्षक ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।