
महराजगंज।
निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गोसदन से रविवार रात ई-रिक्शा पर चार मशीन, पंपसेट, बोरे समेत अन्य सामान ले जाने को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने ई-रिक्शा को गांव के बाहर रोक लिया और ग्राम प्रधान पर गौसदन से सामान चोरी कर रात के अंधेरे में घर ले जाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार रात गौसदन में रखा चार मशीन, पंपसेट, बोरा समेत अन्य सामान एक ई-रिक्शा पर लादकर ग्राम प्रधान अपने घर ले जा रहे थे। रात के समय सामान बाहर ले जाते देख ग्रामीणों को संदेह हुआ। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ई-रिक्शा को रोक लिया। इस दौरान ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के बीच कहासुनी होने लगी, जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गौसदन से सामान चोरी कर रात में घर ले जाया जा रहा था। उनका कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले भी गौसदन से सोलर पैनल चोरी होने की घटना सामने आई थी। ऐसे में लगातार सामान गायब होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
हंगामे की सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा पर लदा सामान तथा ग्राम प्रधान को थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गौसदन से सामान ले जाने के कारणों की जांच के साथ पूर्व में हुई सोलर पैनल चोरी का भी खुलासा किया जाए।