महराजगंज ब्यूरो कार्यालय –
ठूठीबारी थाना क्षेत्र में अवैध तस्करी की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.91 लाख रुपये कीमत की MALKIST बिस्किट की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलि मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी निचलौल रवीन्द्र कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार सुबह एसएसबी रोड, भरवलिया बंधे के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पिकअप संख्या UP56T4359 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 108 गत्ते बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक गत्ते में 60 पीस MALKIST बिस्किट थे। बरामद माल की कुल कीमत 2,91,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने पिकअप चालक अखिलेश जायसवाल उर्फ सनेही (26) निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, थाना ठूठीबारी को हिरासत में लिया। मामले में कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार सिंह और कांस्टेबल गौरव पासवान शामिल रहे।