
निचलौल/महराजगंज
गंडक नदी में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज की समवाय पथलहवा में राहत एवं बचाव दल ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य का मॉकड्रिल आयोजित किया। अभ्यास में स्थानीय पुलिस, वन विभाग, ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मॉकड्रिल के दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने तथा डूबे व्यक्ति को बाहर निकालकर सीपीआर देने का अभ्यास कराया गया। राहत एवं बचाव दल ने आपदा के दौरान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से तैयार किए जाने वाले इंप्रोवाइज्ड रेस्क्यू उपकरणों का भी प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान ग्रामीणों को बाढ़ के समय बरती जाने वाली सावधानियों और आपात स्थिति में राहत-बचाव दल का सहयोग करने के तरीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉकड्रिल से वास्तविक आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल कायम करने और बचाव कार्य को तेजी से संचालित करने में मदद मिलती है।
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में सुरक्षा बलों, विभिन्न विभागों और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा प्रभावित लोगों तक त्वरित एवं प्रभावी राहत पहुंचाना है। इस दौरान पथलहवा एसएसबी इंचार्ज अरुण पाण्डेय, गेड़हवा ग्राम प्रधान दिनेश शर्मा, ग्राम प्रधान दुष्यन्त सिंह, ग्राम प्रधान नरसिंह यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।