नौ दिन गूंजेगा राम नाम, कृष्ण जन्मोत्सव पर पूर्ण होगी अखंड संकीर्तन की साधना

अजय जायसवाल (जिला ब्यूरो प्रभारी)

– करीब सौ साल पुरानी परंपरा को निभाने में जुटा ठूठीबारी, शिव मंदिर और ठाकुर मंदिर में तैयारियां तेज,युवा बढ़-चढ़कर निभा रहे जिम्मेदारी

महराजगंज कार्यालय

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर कस्बे के शिव मंदिर और ठाकुर मंदिर में नौ दिवसीय अखंड राम नाम संकीर्तन की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। करीब एक सदी से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को लेकर कस्बेवासियों में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल है। दोनों मंदिरों में संकीर्तन को लेकर श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं।

शिव मंदिर के पुजारी पंडित विश्वम्भर पाठक और ठाकुर मंदिर के पुजारी पंडित अरुण पाठक ने बताया कि दोनों मंदिरों में पिछले करीब 100 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नौ दिनों तक अखंड राम नाम संकीर्तन की परंपरा चली आ रही है। श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव से इसमें सहभागिता करते हैं, संकीर्तन से वातावरण राम नाम से गुंजायमान रहता है।

संकीर्तन के सुचारु संचालन के लिए 10-10 लोगों की टोली बनाई जाती है। प्रत्येक टोली की करीब डेढ़ घंटे की ड्यूटी निर्धारित की जाती है। श्रद्धालु दिन में एक बार और रात में एक बार संकीर्तन में अपनी सेवा देते हैं। इस तरह लगातार नौ दिनों तक अखंड संकीर्तन की साधना चलती रहती है। दोनों मंदिरों में बुधवार की रात 11 बजकर 59 मिनट पर राम नाम संकीर्तन शुरू किया गया।

परंपरा को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका सराहनीय-

पुजारियों ने बताया कि इस प्राचीन धार्मिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने में कस्बे के युवाओं की भूमिका भी बेहद सराहनीय है। युवा उत्साह के साथ संकीर्तन में शामिल होने के साथ ही व्यवस्थाओं में भी सहयोग कर रहे हैं। बुजुर्गों के साथ युवाओं की भागीदारी धार्मिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

चार सितंबर तक चलने वाले नौ दिवसीय अखंड राम नाम संकीर्तन का समापन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद होगा। जन्माष्टमी पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का विशेष वातावरण देखने को मिलेगा। कस्बेवासी इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment