महराजगंज ब्यूरो कार्यालय
कन्नौज में 10 किलो सोने की ईंट बरामद होने के मामले में सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) की जांच तेज हो गई है। सोमवार को नौतनवां कस्टम टीम ने ठूठीबारी पहुंचकर मामले से जुड़े संदिग्ध ठिकानों पर घंटों जांच-पड़ताल की। टीम ने मुख्य सरगना बताए जा रहे संदीप जायसवाल के घर पहुंचकर जरूरी दस्तावेजों और अन्य कागजात को खंगाला।
कस्टम टीम की एक अन्य कार्रवाई ठूठीबारी बाईपास स्थित रियाज पुत्र सैफुल्लाह के घर और दुकान पर हुई। टीम ने दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर जांच की, लेकिन रियाज मौके पर मौजूद नहीं मिला। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने उसकी तलाश और लोकेशन ट्रैक करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि कन्नौज में हुई 10 किलो सोने की ईंट की बरामदगी के बाद सीमा शुल्क विभाग इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटा है। इसी क्रम में टीम संदिग्धों के ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। सोमवार को ठूठीबारी में हुई कार्रवाई के दौरान भी टीम ने संबंधित स्थानों पर काफी देर तक छानबीन की।
कस्टम टीम की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल रहा। हालांकि, जांच से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घंटों तक चली जांच-पड़ताल के बाद कस्टम टीम वापस लौट गई। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह सहित नौतनवां कस्टम टीम मौजूद रहे।