तिब्बत सीमा से आई बाढ़ ने नेपाल के रसुवा में मचाई तबाही, कई लापता, गंडक प्रशासन का अलर्ट जारी

अजय जायसवाल (जिला ब्यूरो प्रभारी)

काठमांडू/महराजगंज।

तिब्बत सीमा से लगे नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने व्यापक तबाही मचा दी। टिमुरे, रसुवागढ़ी और स्याफ्रूबेसी क्षेत्र में बाढ़ के तेज बहाव से बस्तियों, पुलों, सड़कों और जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। नेपाल की रिपोर्टों के मुताबिक बुधवार दोपहर तक कम से कम सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से अचानक भोटेकोशी नदी में आने की सूचना है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार पानी का प्रवाह इतना तेज था कि लोगों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिला। टिमुरे बाजार और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है। हालांकि, बाढ़ के वास्तविक कारण और कुल नुकसान का आकलन अभी जारी है। प्रारंभिक रिपोर्टों में ग्लेशियल झील से अचानक पानी निकलने जैसी आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल सरकार ने सेना, सशस्त्र पुलिस और नेपाल पुलिस को राहत एवं बचाव अभियान में लगाया है। हेलीकॉप्टरों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
भोटेकोशी का पानी आगे त्रिशूली नदी में मिलता है और यह जलप्रवाह नेपाल के निचले क्षेत्रों से होते हुए भारत की नारायणी-गंडक नदी प्रणाली तक पहुंचता है। ऐसे में सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों में भी प्रशासन और लोगों की नजर जलस्तर पर बनी हुई है।

सोर्स – नेपाली ऑनलाइन मीडिया

Sharing Is Caring:

Leave a Comment