-किसान की टेलीफोनिक शिकायत पर निचलौल एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने 10 बोरी खाद कब्जे में ली
-किसानों ने ठूठीबारी समिति पर खाद वितरण के दौरान कथित अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग करने का लगाया आरोप
ठूठीबारी /महराजगंज
साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) ठूठीबारी में खाद वितरण के दौरान कथित अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग करने का आरोप लगा मंगलवार को किसानों ने जमकर हंगामा किया है। किसानों का आरोप है कि समिति में सचिव की अनुपस्थिति के बावजूद चौकीदार जितेंद्र पटेल द्वारा गांववार निर्धारित रोस्टर नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से अपने चहेते लोगों के बीच खाद का वितरण कराया जा रहा था। किसान के शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने लावारिश हालत में खाद को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई।
किसानों के अनुसार, समिति से कथित रूप से 10 बोरी खाद बिना निर्धारित प्रक्रिया के बाहर निकासी कराई गई। आरोप है कि जिस व्यक्ति के लिए खाद निकाली गई, उसके पास न तो किसान पासबुक थी और न ही वह पंजीकृत किसान था। इसी दौरान किसान छेदी लाल साहनी ने समिति से बाहर 10 बोरी खाद को लावारिस हालत में पकड़ लिया। उनका दावा है कि मौके पर कोई भी व्यक्ति खाद पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद किसान छेदी लाल साहनी ने निचलौल के उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता को फोन कर मामले की जानकारी देते हुए खाद की कथित अवैध निकासी और समिति में हो रही अनियमितताओं की शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजकर खाद को कब्जे में लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने कस्बे के शांतिनगर मोहल्ले से लावारिस हालत में पड़ी 10 बोरी खाद को बरामद कर अपने कब्जे में ले अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
समिति के परिसर से ही बिचौलिए खरीद रहे किसानों से खाद, सीसीटीवी से हुआ खुलासा-
मंगलवार को 10 बोरी लावारिश खाद के मालिक की तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगाला तो पाया कि एक बिचौलिए द्वारा समिति के परिसर में ही किसानों से अधिक मूल्य पर उर्वरक खरीदी गई थी और अवैध तरीके से नेपाल भेजने की तैयारी में था लेकिन किसान छेदी साहनी के हंगामे के बाद उक्त खाद को तस्कर वही छोड़ फरार हो गया और मामले का खुलासा हो गया बिचौलिए को पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।