ठूठीबारी के सड़कहवा टोला की घटना, घर में अनाज निकालते समय डेहरी के नीचे छिपे कोबरा ने किया हमला
ठूठीबारी
कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा ठूठीबारी के सड़कहवा टोला में मंगलवार की शाम घर के अंदर कोबरा सांप के डसने से एक महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों की तत्परता से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर सर्प रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घर में छिपे कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
मंगलवार शाम करीब सात बजे सड़कहवा टोला निवासी पूनम गौतम घर में रखी डेहरी से चावल निकालने गई थीं। इसी दौरान डेहरी के नीचे छिपे कोबरा ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के काटते ही महिला चीख पड़ी, जिससे परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से उन्हें सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद घर और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा। रेस्क्यू टीम द्वारा कोबरा को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति सही बताई जा रही है।