महराजगंज ब्यूरो कार्यालय
कस्बे के एक व्यापारी ने ठूठीबारी थानेदार पर प्रताड़ित करने और रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया है। व्यापारी ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर थानेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना-प्रदर्शन करेंगे। कार्रवाई न होने पर उसने आत्मदाह की चेतावनी भी दी है। हालांकि, वायरल वीडियो की एपीएस न्यूज उत्तर प्रदेश द्वारा स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

ठूठीबारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश रौनियार ने वीडियो में आरोप लगाया कि थानेदार अमित सिंह एक विवादित मामले को लेकर उनसे रुपये मांग रहे थे। रुपये नहीं देने पर पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
दिनेश रौनियार का आरोप है कि बुधवार दोपहर थानेदार ने एक दरोगा और चार सिपाहियों को उनके घर भेजा, जहां पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से उनके साथ अभद्रता की। वहीं, थानाध्यक्ष अमित सिंह ने रुपये मांगने के आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि दीवाल को लेकर एक मामले में दिनेश और पड़ोसी महिला के बीच थाने में समझौता हुआ था। समझौते का पालन नहीं होने पर महिला ने दोबारा शिकायत की थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम उनके घर गई थी। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आया है, जबकि आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।