
-दुकान आवंटित कर वसूली गई रकम, फिर भी बंद पड़े हैं बाजार के ठेले-खोमचे
-ग्राम पंचायत के नोटिस में एक सप्ताह में दुकान लगाने की चेतावनी, कार्रवाई का भी किया गया उल्लेख
ठूठीबारी- ग्राम पंचायत ठूठीबारी में निर्मित हाट बाजार की दुकानें आवंटित किए जाने के करीब सवा साल बाद भी गुलजार नहीं हो सकीं। दुकानों का आवंटन होने और आवंटनधारकों की ओर से रकम जमा किए जाने के बावजूद हाट बाजार में दुकानें नहीं लगने से परिसर वीरान पड़ा है। इससे जहां बाजार विकसित करने की ग्राम पंचायत की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।
आवंटन के बाद भी नहीं लगी दुकानें –
ग्राम पंचायत की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि हाट बाजार की नीलामी प्रक्रिया में दुकानदारों को दुकान का आवंटन 10 जून 2025 को किया गया था। नोटिस में कहा गया है कि आवंटन के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संबंधित दुकानदारों की ओर से दुकानें नहीं लगाई गईं। ग्राम पंचायत ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा था कि नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर दुकान नहीं लगाने पर वे अग्रिम कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। नोटिस पर पत्रांक संख्या 28/2025-2026 अंकित है। इस पर ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर व मुहर भी लगी है।
रकम जमा, फिर भी बाजार में सन्नाटा
स्थानीय लोगों और दुकान आवंटनधारकों के अनुसार, दुकानों के लिए निर्धारित रकम जमा किए जाने के बावजूद हाट बाजार में नियमित रूप से दुकानें नहीं लग सकीं। ऐसे में बाजार निर्माण और दुकानों के आवंटन पर खर्च हुई कवायद का अपेक्षित लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दुकानें आवंटित कर दी गई थीं तो उन्हें संचालित कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित स्तर पर सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
आवंटन के करीब सवा साल बाद भी बाजार का यही हाल बने रहना ग्राम पंचायत की निगरानी और जिम्मेदारों की सक्रियlता पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने हाट बाजार को व्यवस्थित ढंग से संचालित कराकर दुकानदारों को दुकानें लगाने के लिए बाध्य करने की मांग की है, ताकि बाजार का उद्देश्य पूरा हो सके।