
निचलौल। सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर मंगलवार रात दमकी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पंचमा गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
बताया जा रहा है कि चारों युवक पंचमा गांव के रहने वाले थे और मंगलवार शाम किसी परिचित की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए बाइक से निचलौल की ओर जा रहे थे। दमकी गांव के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पंचमा निवासी सन्नी (22), शिव (18), विवेक (20) और संतोष (19) के रूप में हुई है। बताया गया कि विवेक और संतोष सगे भाई थे, जबकि सन्नी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।