भक्ति और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ नौ दिवसीय शतचंडी यज्ञ, विशाल भंडारे में उमड़ी आस्था की भीड
श्री काली मंदिर यज्ञ समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी यज्ञ भक्ति और उत्साह के माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यज्ञ के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 8000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
यज्ञ के अंतिम दिन आकर्षक और मनमोहक झांकी निकाली गई, जिसने सभी भक्तों का मन मोह लिया। भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे माहौल में भक्ति का रंग घुल गया। गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर इस आयोजन में हिस्सा लिया और अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
यज्ञ समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समिति के कार्यकर्ताओं के समर्पण, सहयोग और त्याग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से यह भव्य आयोजन संभव हो पाया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
