नेपाल के नवलपरासी जिले में इंडो-नेपाल सीमा पर सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 18 लाख रुपये मूल्य के हुक्का फ्लेवर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जिले के झुलनीपुर सीमा चौकी क्षेत्र में गश्त के दौरान की गई।
नेपाल एपीएफ की 26वीं बटालियन के कार्यवाहक प्रमुख डीएसपी प्रमोद खड़का ने बताया कि बलिनगर के तराइनी इलाके से 50 ग्राम के कुल 5,950 हुक्का फ्लेवर, जो 24 कार्टन में पैक थे, बरामद किए गए। नेपाली बाजार में इनकी कीमत प्रति पीस 300 रुपये से अधिक आंकी गई है। भारतीय बाजार दर के आधार पर इनकी कुल कीमत करीब 11.9 लाख नेपाली रुपये है, जबकि जब्त माल का अनुमानित कुल मूल्य लगभग 18 लाख रुपये बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान गश्ती दल को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके से भारतीय नंबर प्लेट वाली तीन मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं।
जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए महेशपुर सीमा शुल्क कार्यालय भेज दिया गया है। सशस्त्र पुलिस बल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है।
