ठूठीबारी/महराजगंज
श्रावण मास के पावन अवसर पर मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में परसा मलिक थाना क्षेत्र से पंचमुखी शिवधाम इटहिया तक भव्य धार्मिक बाइक यात्रा निकाली गई। सैकड़ों श्रद्धालु और युवा भगवा ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्रीराम’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा की शुरुआत पड़ियाताल मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु बाइक रैली के रूप में पंचमुखी शिवधाम इटहिया के लिए रवाना हुए। संगठन के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया के विचारों से प्रेरित इस यात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर एवं नौतनवा ब्लॉक अध्यक्ष ओम कुमार गुप्ता ने किया। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार और सुरक्षा की भावना को सशक्त करना तथा युवाओं को धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है।
पंचमुखी शिवधाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख- समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, दीपू चौहान, प्रदीप कुमार गुप्ता, नीरज, हृदेश कुशवाहा, पशुपति कसौधन, चंद्रभान सनातनी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।