ठूठीबारी (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी, कस्टम और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेपाल भेजी जाने वाली विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 200 मीटर पहले ग्राम मर्चहवा हाट बाजार शेड के पीछे छापेमारी के दौरान ‘999 पावर स्टार फाइन रम’ की 280 बोतलें लावारिस हालत में बरामद हुईं। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए।
22वीं वाहिनी एसएसबी ठूठीबारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार, कस्टम विभाग के सुपरिटेंडेंट सुभाष यादव तथा आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। बरामद सभी बोतलें 750 मिलीलीटर क्षमता की हैं और प्रत्येक की कीमत लगभग 250 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि शराब की यह खेप अवैध रूप से नेपाल तस्करी के लिए एकत्र की गई थी।
संयुक्त टीम ने बरामद शराब को विधिक कार्रवाई पूरी कर आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, फरार तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए एसएसबी, कस्टम और आबकारी विभाग की संयुक्त जांच जारी है।