
ठूठीबारी में एसएसबी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
ठूठीबारी (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं, मोबाइल फोन तथा मोपेड बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 30 जुलाई की रात ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग से रमगढ़वा टोला नौडीहवा निवासी 24 वर्षीय गोलू चौहान को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 52 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन, 51 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 49 डाइजेपाम इंजेक्शन, एसपीएम-पीआरएक्स प्लस वॉकहार्ट कैप्सूल (कुल वजन 257 ग्राम), एक मोबाइल फोन तथा हीरो पुक मोपेड बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वर्ष 2023 में निचलौल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी के तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।