सिसवा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे नए एसडीओ तुषार सिंह, जर्जर केबल बदलने व नए ट्रांसफॉर्मर लगाने की तैयारी 

सिसवा बाजार/महाराजगंज

सिसवा विद्युत उपखंड में मंगलवार को नवागत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) तुषार सिंह ने कार्यभार संभालने के साथ ही क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने नगर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर बिजली आपूर्ति की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दायरा बढ़ने के साथ बिजली की खपत में भी लगातार इजाफा हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पोखरा टोला, सब्जी मंडी, इस्टेट चौराहा समेत कई क्षेत्रों की विद्युत है व्यवस्था की समीक्षा की गई। जांच के दौरान जहां-जहां पुरानी और क्षतिग्रस्त केबलें मिलीं, उन्हें जल्द बदलने का निर्देश दिया गया है ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली बाधित होने की समस्या से राहत मिल सके।

एसडीओ ने बताया कि जिन क्षेत्रों में मौजूदा ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता पर्याप्त नहीं है या नए ट्रांसफॉर्मर की जरूरत है, वहां प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने की बताया कि उनकी प्राथमिकता सायर स्थान रोड पर नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराना है, जिससे सायर स्थान, प्रेमचित्र मंदिर मार्ग, फल मंडी तथा मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और स्थानीय फॉल्ट की समस्या का समाधान हो सके। इसके अलावा सेनानी नगर वार्ड में भी अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की योजना पर विभाग कार्य करेगा।

उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अधिक मांग वाले समय, विशेषकर शाम के पीक आवर में अनावश्यक बिजली उपकरणों के उपयोग से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment