
ठूठीबारी/महराजगंज
नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद नारायणी नदी में बहकर कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र में पहुंचे चार शवों को मंगलवार को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इनमें तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की थी।
नारायणी नदी के ठोकर नंबर-3 स्थित मदनपुर सुकरौली क्षेत्र में नेपाल से बहकर आए इन चार शवों की बरामदगी के बाद प्रशासन ने उनकी पहचान और संबंधित औपचारिकताओं को लेकर प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मंगलवार को शव नेपाल पुलिस के सुपुर्द किए गए, ताकि वहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

शवों की सुपुर्दगी के दौरान भारत और नेपाल के अधिकारियों की मौजूदगी रही। नेपाल पुलिस की ओर से महेशपुर प्रहरी के इंस्पेक्टर सुबराज बोम मौजूद रहे। वहीं कुशीनगर के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम विवेक शील, एसआई केशनाथ यादव, खड्डा थाना के एसएसआई गंगाराम यादव, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट हेमंत कुमार तथा ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संपन्न कराई गई। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद नारायणी नदी के तेज बहाव में कई लोगों के बहने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नदी के बहाव के साथ आने वाले शवों की पहचान और उन्हें संबंधित देश के अधिकारियों को सौंपना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य बना हुआ है।
चारों शव नेपाल पुलिस को सौंपे जाने के बाद उन्हें नेपाल ले जाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।