
22वीं वाहिनी एसएसबी और ठूठीबारी पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़े आरोपी, तस्करी में प्रयुक्त स्पलेंडर बाइक भी बरामद
ठूठीबारी/महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 22वीं वाहिनी एसएसबी की ठूठीबारी स्थित G कंपनी की टीम ने थाना ठूठीबारी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध नशीली दवाइयां और तस्करी में प्रयुक्त एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 904 कैप्सूल Proximec Spas और 160 कैप्सूल Proxyco Spas, कुल 1064 नशीले कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा UP56BC0965 नंबर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप हरिजन (20) निवासी हरपुर, थाना पिपरहवा, जनपद नवल परासी, नेपाल और मंजेश गुप्ता (22) निवासी सिन्दुरिया, महराजगंज के रूप में हुई है।
बताया गया कि सीमा क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत टीम को यह सफलता मिली।
संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी के एसआई वाई रेंगमा, एएसआई मुकुल हजारी समेत एसएसबी जवानों तथा थाना ठूठीबारी पुलिस के उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले में थाना ठूठीबारी में मु.अ.सं. 138/26, धारा 8, 22(c), 23(c) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड के लिए भेज दिया गया।