ठूठीबारी निचलौल मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,रोडवेज बस की चपेट में आने से मासूम की मौत, दंपती गंभीर

महराजगंज ब्यूरो कार्यालय

कोतवाली क्षेत्र के ठूठीबारी-निचलौल मार्ग पर गड़ौरा पुलिस पिकेट के समीप शनिवार को रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके करीब ढाई वर्षीय बेटे अयांश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक को थाने ले आई। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के धर्मौली टोला निवासी अनिल मद्धेशिया पुत्र चंद्रशेखर मद्धेशिया अपनी पत्नी गुड़िया और बेटे हर्षित के साथ बाइक से गोरखपुर से दवा कराकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गड़ौरा पुलिस पिकेट के पास पहुंचने पर उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अयांश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार गुड़िया की हालत बेहद नाजुक बताई गई है।

सूचना मिलने पर ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।बस चालक अखिलेश मुनि त्रिपाठी और परिचालक को भी कोतवाली लाया गया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment