
महराजगंज। नौतनवां पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थों एवं आतिशबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम से 70 गत्तों में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे और विस्फोटक पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर डीसीएम को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौतनवां कस्बे के वार्ड नंबर 10 शास्त्रीनगर स्थित गायत्री मंदिर के पास एक डीसीएम में अवैध विस्फोटक एवं आतिशबाजी ले जाई जा रही है। सूचना पर नौतनवां पुलिस टीम ने वाहन संख्या UP53HT1335 की जांच की। तलाशी के दौरान डीसीएम से 70 गत्तों में विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। इनमें चकरी, सुतली बम, छुरछुरी, स्काई बम और फुलझरी सहित अन्य आतिशबाजी शामिल बताई गई है।

पुलिस ने मौके से राकेश दूबे (55) निवासी दुबौली, थाना मदनपुर, देवरिया तथा कन्हैया (42) निवासी गजरही, थाना नौतनवां, महराजगंज को गिरफ्तार किया।
मामले में थाना नौतनवां में मु0अ0सं0 182/2026 के तहत धारा 5/9(बी) विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में नौतनवां पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी शामिल रही।