लिंटर की प्लाई उतारते समय हाईटेंशन लाइन से टकराई लोहे की छड़, दो मजदूर गंभीर

ठूठीबारी।

महराजगंज जिले के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में रविवार को मकान के लिंटर की प्लाई उतारते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर खुर्द गांव निवासी जमीरूद्दीन के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार को मजदूर लिंटर की प्लाई उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की छड़ की मदद से प्लाई हटाई जा रही थी। मकान के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में लोहे की छड़ आ गई। विद्युत प्रवाह होने से वहां काम कर रहे राजेश (28) और नंदन (26) गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों मजदूरों को वहां से हटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन के आसपास विशेष सावधानी बरतने और विद्युत विभाग से ऐसी लाइनों के पास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment