भारत नेपाल सीमा के शीतलापुर से 304 किलोग्राम चाइनीज लहसुन बरामद, तस्कर सामान छोड़कर फरार

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी शीतलापुर की टीम ने शनिवार तड़के कार्रवाई करते हुए 304 किलोग्राम तृतीय देशीय (चाइनीज) लहसुन बरामद किया। हालांकि, एसएसबी की भनक लगते ही तस्कर सामान छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए।

एसएसबी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे विश्वसनीय सूचना मिली कि नेपाल से अवैध रूप से लाया गया चाइनीज लहसुन ग्राम लक्ष्मीपुर के निकट सीमा स्तंभ संख्या 503 और 504 के बीच भारतीय सीमा में लगभग 100 मीटर अंदर गन्ने के खेत में छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही नाका पार्टी ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की।

निगरानी के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया। एसएसबी जवानों को देखकर सभी तस्कर मौके पर रखे बोरे छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले। तलाशी लेने पर मौके से 16 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद हुआ। प्रत्येक बोरे में 19 किलोग्राम लहसुन था, जिसका कुल वजन 304 किलोग्राम निकला।

एसएसबी ने मौके पर ही नियमानुसार फर्द बरामदगी एवं जब्ती की कार्रवाई पूरी करते हुए बरामद लहसुन को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल के सुपुर्द कर दिया।

इस अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक (सामान्य) एच. सेबास्टियन ने किया। टीम में सहायक उपनिरीक्षक (सामान्य) कैलाश चंद, आरक्षी (सामान्य) राठौर युवराज और आरक्षी (सामान्य) अविनाश कुमार शामिल रहे।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और सघन अभियान चलाया जा रहा है तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment