
ठूठीबारी/महराजगंज।
आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को ठूठीबारी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।