मिश्रौलिया में गन्ने के खेत के पास मृत मिला नर तेंदुआ, वन विभाग जांच में जुटा

निचलौल (महराजगंज)।

सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम मिश्रौलिया में शनिवार सुबह गन्ने के खेत के पास एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने तेंदुए का शव देखा तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के क्षेत्र से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों का अनुमान है कि क्षेत्र में विचरण कर रहे दो तेंदुओं के बीच आपसी संघर्ष के दौरान इस नर तेंदुए की मौत हुई होगी। हालांकि वन विभाग ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल व गन्ने के खेतों के आसपास सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment