करदह गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिला, रोजगार नहीं मिलने से था आहत, जांच में जुटी पुलिस

ठूठीबारी/महराजगंज

ठुठीबारी कोतवाली क्षेत्र के करदह गांव में शुक्रवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान अजय विश्वकर्मा (27) पुत्र रामानंद विश्वकर्मा, निवासी करदह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजय गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो अजय का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंची ठुठीबारी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक कुछ समय से रोजगार को लेकर चिंतित रहता था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment