
महराजगंज। गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम से जुड़े 110 मुकदमों में बरामद 811 लीटर अवैध कच्ची शराब का विधिवत विनिष्टीकरण कराया। पूरी कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। माननीय सिविल जज (प्रवर खंड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के 21 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में थाना स्तर पर पंजीकृत आबकारी अधिनियम के 110 मुकदमों में बरामद कुल 811 लीटर अवैध कच्ची शराब को नष्ट किया गया।
विनिष्टीकरण की प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी सदर, नायब तहसीलदार सदर, आबकारी निरीक्षक गिरीश, थानाध्यक्ष घुघली सूरज कुमार तथा हेड मोहर्रिर मनोज कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्रवाई से पूर्व समस्त अवैध शराब का विधिवत पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
इसके बाद थाना परिसर में गड्ढा खुदवाकर अवैध कच्ची शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।