भारत-नेपाल सीमा पर 70 बोरी यूरिया खाद के साथ पिकअप पकड़ी गई, चालक गिरफ्तार, पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई

नौतनवां/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध खाद तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवां पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 बोरी भारतीय यूरिया खाद से लदी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के क्रम में रात्रि गश्त के दौरान एसएसबी 66वीं वाहिनी के एएसआई एम. जितेन मिथेई ने संदिग्ध वाहन की सूचना नौतनवां पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पैसिया बाबू पावर हाउस के पास पहुंची और जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह को भी मौके पर बुलाया गया।

जांच के दौरान UP53 JT 5120 नंबर की पिकअप वाहन से 70 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में चालक की पहचान मंटू उपाध्याय, निवासी मोहनपुर, उरुवा बाजार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने और तस्करी की आशंका के आधार पर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, कांस्टेबल गोपाल कुशवाहा, शैलेन्द्र मौर्य तथा एसएसबी 66वीं वाहिनी के एएसआई एम. जितेन मिथेई, कांस्टेबल मोहम्मद अजीम अंसारी और महेश जामोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment