ठूठीबारी बी-पैक्स में 10 बोरी खाद बरामदगी की जांच तेज, साधन सहकारी समिति के कर्मचारियों को जिला कृषि अधिकारी की कड़ी फटकार

ठूठीबारी बी-पैक्स में खाद बरामदगी की जांच तेज, कर्मचारियों को जिला कृषि अधिकारी की फटकार

 

-10 बोरी यूरिया बरामदगी प्रकरण में शिकायतकर्ता किसान का बयान दर्ज, स्टॉक व वितरण अभिलेखों की हुई गहन पड़ताल, मचा हड़कंप

ठूठीबारी प्रतिनिधि/महराजगंज

भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी स्थित बहुउद्देश्यीय साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) में खाद वितरण में कथित अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत के बाद कृषि विभाग ने जांच तेज कर दी है। बुधवार को जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र सिंह समिति पहुंचे और पूरे मामले की गहन पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था में बरती गई लापरवाही पर कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए सभी अभिलेखों की बारीकी से जांच की।

जिला कृषि अधिकारी ने शिकायतकर्ता किसान छेदी लाल साहनी का बयान दर्ज किया। इसके बाद खाद वितरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, किसानों के विवरण और वितरण प्रक्रिया का मिलान कराया। समिति के कर्मचारियों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की गई तथा परिसर में मौजूद किसानों से भी बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनी गईं। 10 बोरी यूरिया खाद बरामदगी मामले में सामने आए तथ्यों को लेकर संबंधित कर्मचारी से भी विस्तृत जानकारी ली गई।

गौरतलब है कि मंगलवार को किसानों के हंगामे के बाद पुलिस ने शांतिनगर मोहल्ले से 10 बोरी संदिग्ध यूरिया खाद बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कृषि विभाग को जांच के निर्देश दिए थे।

जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि खाद वितरण प्रक्रिया, स्टॉक और बरामद यूरिया से जुड़े सभी तथ्यों की बिंदुवार जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उधर, किसानों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और बिचौलियों तथा ब्लैक मार्केटिंग पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment