महराजगंज में 5700 नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल में करते थे सप्लाई, एसओजी और पुरन्दरपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

महराजगंज में 5700 नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल में करते थे सप्लाई

महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरन्दरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रानीपुर चौराहे के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5700 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद इंजेक्शनों की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अशोक मुथा जैन और पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनौली थाना क्षेत्र निवासी राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू (32) और कोल्हुई बाजार थाना क्षेत्र निवासी आदित्य कुमार मिश्र (30) के रूप में हुई है। तलाशी में डाइजापाम, बुप्रेनोर्फिन और प्रोमेथाजीन के 1900-1900 एम्पुल, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद और एक कार बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन इंजेक्शनों को नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, इन दवाओं का दुरुपयोग “कॉकटेल ड्रग” के रूप में किया जा रहा था, जो युवाओं के लिए बेहद खतरनाक है।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि नेटवर्क की जांच जारी है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment