
कस्बे के काली मंदिर में चल रहे श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ के सातवें दिन बुधवार को भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कस्बे के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित कृष्णा पाठक ने विधि- विधानपूर्वक दीपदान संपन्न कराया। उनके निर्देशन में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ दीप प्रज्वलित किए और मां भगवती से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। दीपों की जगमगाहट से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया। हर ओर “जय माता दी” के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे माहौल और अधिक आध्यात्मिक हो गया। श्रद्धालुओं का कहना था कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार के साथ आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। दीपदान कार्यक्रम के साथ ही महायज्ञ का माहौल और अधिक भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण हो गया, जिससे पूरे कस्बे में धर्म और आस्था की अद्भुत छटा देखने को मिली।
इस धार्मिक आयोजन में समिति के संरक्षक एवं पूर्व ग्राम प्रधान राजेश सिंह, अध्यक्ष अरुण निगम, शिवशंकर कसौधन, डॉ. सुरेश विश्वास, अमर निगम, अजय जायसवाल, पिंटू कसौधन, राहुल प्रजापति, भवन निगम, विजय कसौधन, मनोज कसौधन, पवन जायसवाल, सुरेंद्र निगम, विप्लव मद्धेशिया, जगदीश कुशवाहा, कुलदीप निगम, अवधेश निगम, निखिल जायसवाल सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में बाल स्वयंसेवकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।