ठूठीबारी में भूमि विवाद को लेकर तनाव, मुकदमा दर्ज

ठूठीबारी, ठूठीबारी में प्रशासनिक आदेश के उल्लंघन और जबरन अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित अजय कुमार जायसवाल पुत्र स्व. लखीचंद जायसवाल ने पुलिसअधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि आराजी संख्या 935 (ख) पर उनका विधिवत अधिकार एवं कब्जा है। इस भूमि के संबंध में उप जिलाधिकारी निचलौल द्वारा तीन अक्टूबर 2023 को उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 116 के अंतर्गत आदेश पारित किया गया था, जो वर्तमान में प्रभावशील है। आदेश के अनुपालन हेतु सात नवंबर 2025 को राजस्व टीम को मौके पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे।
आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी मनीष, आशीष, ज्योत्स्ना, सपना, मीना देवी, शेषनाथ व कृष्णनाथ आग्रहरी ने जानबूझकर प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करते हुए अपनी ही दीवार तोड़कर जबरन पीड़ित की भूमि में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान गाली-गलौज, धमकी और बल प्रयोग कर शांति भंग करने की कोशिश की गई। पीड़ित का कहना है कि यह कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न कर रहा है।
प्रार्थना पत्र में पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि उप जिलाधिकारी के आदेश का विधिसम्मत एवं शांतिपूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, अवैध कब्जे के प्रयास को रोका जाए तथा दोषियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135 बीएनएस सहित अन्य आवश्यक निवारक कार्रवाई की जाए। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
इस बाबतथानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।