निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम

सिसवा बाजार (महराजगंज)। कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर के पोखरा टोला स्थित एक निर्माणाधीन पोखरे में रविवार को नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार पोखरा टोला निवासी राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद राजबीर किसी तरह बाहर निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment