ठूठीबारी (महराजगंज)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा राजाबारी में पिता के ब्रह्मभोज के दौरान भोजन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजाबारी निवासी अशोक गोसाईं और दिलीप गोसाईं के पिता का कुछ दिन पूर्व निधन हो गया था। सोमवार को उनका ब्रह्मभोज संपन्न हुआ, जबकि मंगलवार को बरखी का कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान भोजन में मछली खाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडे और हाथापाई में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की तथा चार लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों का प्राथमिक उपचार भी कराया गया।
कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।