अमावस्या पर बलि देने की आशंका के बीच दिल्ली से सकुशल बरामद हुआ दो माह का मासूम

-100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महराजगंज पुलिस ने कश्मीरी गेट बस स्टैंड से खोज निकाला बच्चा, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

महराजगंज ब्यूरो कार्यालय

ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी टोला रमजीता गांव से अपहृत दो माह के मासूम विक्की को महराजगंज पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, मासूम की अमावस्या के दिन बलि दिए जाने की आशंका थी। आगामी एक-दो दिनों के भीतर इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। समय रहते पुलिस की सक्रियता से मासूम की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर की रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान घर से दो माह का मासूम अचानक गायब हो गया। परिजनों की सूचना पर ठूठीबारी पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की। बच्चे की बरामदगी के लिए ठूठीबारी पुलिस के साथ एसओजी, स्वाट और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित आसपास के संभावित रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस टीम महराजगंज से दिल्ली तक पहुंच गई। लगातार प्रयासों के बाद दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया गया।

बरामदगी के बाद बच्चे का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मासूम की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment