
लोहरौली ढाला के पास तड़के पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, दो अन्य आरोपितों से पूछताछ जारी
महराजगंज ब्यूरो कार्यालय
भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को तड़के सुबह पुलिस टीम ने लोहरौली ढाला के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो से 1.25 क्विंटल प्रतिबंधित गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने लोहरौली ढाला के पास संदिग्ध वाहनों पर नजर रखते हुए कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो (यूपी 32 एलबी 9957) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में लाल रंग के कपड़े में बंधा भारी मात्रा में प्रतिबंधित गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन करीब 1.25 क्विंटल बताया है।
मौके से एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मामले में दो अन्य आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत, उसकी आपूर्ति और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।