साइबर ठगी के 4,603 रुपये पुलिस ने कराए वापस, पीड़ित ने जताया आभार

महराजगंज। साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चौक थाना पुलिस ने पीड़ित के खाते से ठगी गई 4,603 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।

चौक थाना क्षेत्र के नियापुर उर्फ मलहनामत निवासी शैलेश कुमार मौर्य के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या S-33102260030773 के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, चौक थाना पुलिस ने MRM पोर्टल पर रिक्वेस्ट आईडी MR260731059327 के माध्यम से संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। पुलिस के प्रयास से 10 अगस्त 2026 को ठगी की पूरी धनराशि 4,603 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने चौक थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह और कांस्टेबल विशेष प्रजापति शामिल रहे।

साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी की घटना होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है। पुलिस के मुताबिक, ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, धनराशि को होल्ड कराने या वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment