
चौक/महराजगंज। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चौक साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते में 2,960 रुपये वापस कराए हैं। इसी प्रकरण में पुलिस पूर्व में भी 19,049 रुपये की धनराशि वापस दिला चुकी है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत थाना चौक साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार थाना चौक क्षेत्र के ग्राम पिपरा सोनाडी निवासी कमलेश कुमार पटेल के साथ 14 मार्च 2026 को ऑनलाइन ठगी की घटना हुई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की और बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए लगातार प्रयास किए।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप शनिवार को पीड़ित के बैंक खाते में 2,960 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए। इससे पहले इसी मामले में 19,049 रुपये भी पीड़ित के खाते में वापस कराए जा चुके हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह तथा कांस्टेबल विशाल प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी के शिकार होते हैं तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल अथवा अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।