
ठूठीबारी।
अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर गुरुवार को मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में बरुण मिश्रा के नेतृत्व में मानव तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को एसएसबी कैंप ठूठीबारी के सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार तथा कोतवाली ठूठीबारी के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में मानव तस्करी विरोधी संदेशों से लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न नारों और स्लोगनों के माध्यम से मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली ठूठीबारी बाजार के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को मानव तस्करी के दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी देती रही।
इस दौरान सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार ने कहा कि मानव तस्करी महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के लिए गंभीर खतरा है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना, बच्चों एवं कमजोर वर्गों को शोषण और तस्करी से सुरक्षित रखना तथा समाज को इस अपराध के विरुद्ध एकजुट करना रहा। रैली के माध्यम से मानव तस्करी के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।