पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर में कल से शुरू होगा भव्य मेला, तैयारियां पूरी, नेपाल राष्ट्र सहित बिहार लाखों श्रद्धालु करेंगे जलाभिषेक

ठूठीबारी/महराजगंज। सावन माह के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर परिसर में गुरुवार से भव्य मेले का शुभारंभ होगा। मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन ने मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे सावन माह तक चलने वाले इस धार्मिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में पूजन सामग्री, मिठाई, खिलौने, झूले और विभिन्न प्रकार की दुकानों की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं के साथ बच्चों के लिए भी विशेष आकर्षण रहेगा।

श्रावण मास में भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक का विशेष महत्व होने के कारण दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

आयोजकों का कहना है कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक यह मेला क्षेत्र की पहचान बन चुका है। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।

Sharing Is Caring:

Leave a Comment