
-सात लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा सुसाइड नोट, थानेदार और पुलिसकर्मियों के नाम आने से महकमे में खलबली; अस्पताल में चल रहा उपचार, वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि बाकी
निचलौल/महराजगंज
दीपावली की रात जहां पूरा जिला रोशनी और खुशियों के जश्न में डूबा था, वहीं निचलौल थाने में विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला पुलिस महकमे के लिए गंभीर चुनौती बन गया। थाने के हेड मुहर्रिर की ओर से कथित प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुसाइड नोट व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाए जाने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद थाने से लेकर महकमे के उच्चाधिकारियों तक हलचल तेज हो गई।
बताया जा रहा है कि हेड मुहर्रिर ने अपने स्टेटस पर सात लोगों के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप लगाए। इनमें थानाध्यक्ष, एक जनप्रतिनिधि और पांच पुलिसकर्मियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। स्टेटस पर सुसाइड नोट देखकर साथी पुलिसकर्मी सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल अन्य अधिकारियों को सूचना दी और आनन-फानन में हेड मुहर्रिर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जाता है कि विवाद की जड़ दीपावली की रात थाने के मालखाने में रखे जब्त पटाखों को लेकर हुआ विवाद है। इसी मामले में अधिकारियों, जनप्रतिनिधि और हेड मुहर्रिर के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसके बाद से हेड मुहर्रिर मानसिक दबाव और प्रताड़ना महसूस कर रहे थे।
घटना ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और विभागीय समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में प्रताड़ना के आरोप कितने सही साबित होते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है। हालांकि वायरल पोस्ट और सुसाइड नोट की आधिकारिक और स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, जांच जारी है।